बैंक से रुपया निकाल कर घर जा रहे दंपति के एक लाख आठ हजार रुपये किसी ने पार कर दिए। महिला व उसके पति ने सब्जी दुकानदार पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की ।
लोहिया नगर निवासी पीएसी 23 बटालियन मुरादाबाद में कार्यरत शिवकुमार ने बताया कि उसकी पत्नी बुद्धवती ने मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा सरोजनी रोड से एक लाख आठ हजार रुपये खाते से निकले।
इसके बाद दोनों ने बाजार में एक मोबाइल खरीदा। वहां से मिले थैले मे एक लाख आठ हजार रुपये, पास बुक और एक एटीएम कार्ड रख लिया। इसके बाद वह सब्जी मंडी में एक सब्जी वाले की दुकान से सामान खरीदने लगे।
उन्होंने वहीं पर थैला रख दिया था। इसी बीच किसी ने उसे पार कर दिया। उन्होंने सब्जी वाले से थैले के बारे में पूछा तो उसने इनकार कर दिया। इस पर दंपति ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।