इटावा। 28 नवंबर की रात होटल संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में नामजद आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने कोर्ट से अनुमति लेने के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर मंगलवार को उससे तमंचा बरामद किया है।
बता दें सराय दयानत निवासी होटल संचालक दुर्गेश कुमार पर 28 अक्तूबर की रात कार सवारों ने फायरिंग की थी। साथ ही कार से कुचलने का भी प्रयास किया था। सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर अंकित यादव उर्फ एलएल निवासी कृष्णापुरम, तनुज उर्फ शक्ति निवासी आनंद नगर, अंकुश निवासी बिठारी, आलोक यादव, अभिनव यादव निवासी भगत सिंह नगर और सुमित पहलवान निवासी छिपैटी के खिलाफ कार से कुचलने का प्रयास, फायरिंग में प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसएसपी के आदेश पर सभी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस की सख्ती के बाद दो आरोपित सुमित पहलवान और तनुज उर्फ शक्ति ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि तनुज उर्फ शक्ति निवासी आनंद नगर कोतवाली को न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को जेल से रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है।
उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक आरोपी आलोक कुमार निवासी नगला भगत को पुलिस तमंचा, कारतूस समेत पहले जेल भेज चुकी है। शेष बचे आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।