जसवंतनगर। जिले में आंशिक कोरोना कर्फ्यू में छूट मिलते ही मंगलवार को सुबह बाजार खुल गए। इस दौरान सड़कों पर काफी चहल पहल दिखाई दी। बैंकों में बिना मास्क लगाए पहुंचे कई लोगों को पुलिस ने बाहर कर दिया। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिना मास्क लगाए घूम रहे कई लोगों का चालान किया। वहीं कई को हिदायत देकर छोड़ दिया।
थाना प्रभारी नवरतन गौतम ने फोर्स के साथ सदर बाजार, पंसारी बाजार, बस स्टैंड चौराहा समेत कई जगह चेकिंग अभियान चलाया। 12 से ज्यादा लोगों का मास्क न लगाने पर चालान कर जुर्माना वसूला। बाइकों के भी चालान किए। इसके बाद उन्होंने स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक पहुंचकर चेकिंग की।
वहां बिना मास्क के मौजूद लोगों को बैंकों से बाहर निकाल दिया। साथ ही बैंक कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बैंक के अंदर बिना सैनिटाइज व मास्क लगाए किसी को प्रवेश न दिया जाए। शासन की कोविड-19 की गाइड लाइन पालन किया जाए।