इटावा। जनपद के लोगों को चुनाव की तरह कोरोना वैक्सीन का टीका लगाए जाने की तैयारी है। इसके लिए आधार कार्ड को भी आधार बनाया जा सकता है। साथ ही किस व्यक्ति को कब और कहां टीका लगेगा इसके लिए मोबाइल पर मैसेज मिलेगा। पहले चरण में सरकारी व गैर सरकारी करीब 9000 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए कोविड पोर्टल पर उनका नाम अपलोड किया जा रहा है। अगले चरण में पुलिस कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा।
सीएमओ डा. एनएस तोमर ने बताया राज्य एवं जिलास्तर पर प्रशिक्षण के बाद ब्लाक स्तर पर टीकाकरण किए जाने का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो चुका है। जिला चिकित्सालय एवं सैफई मेडिकल कालेज में भी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वैक्सीन रखने के लिए शहर में नुमाइश चौराहा स्थित जिला बाल्य चिकित्सालय में वैक्सीन स्टोर बनाया गया है। इसके लिए एक हॉल तैयार हैं। इसमें 250 लीटर के तीन एलआरपी फ्रिज रखे हैं, इनमें 2 से 8 डिग्री सेल्सियस पर वैक्सीन रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में नौ हजार स्वास्थ्य कर्मियों को तीन दिन के अंदर टीका लगाया जाएगा। इनमें आयुष, होम्योपैथी, आयुर्वेदिक, आशाएं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शमिल हैं। इसके लिए एक दिन रिजर्व रखा गया है, जिससे की इन तीन दिनों में टीका न लगवाने वाले कर्मी चौथे दिन में टीका लगवा लें। टीकाकरण कार्य एएनएम एवं जीएनएम करेंगी। आम लोगों को प्रत्येक टीम रोजाना 100 टीके लगाएगी। इसका माइक्रोप्लान तैयार कराया जा रहा है। कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण की निगरानी करने के लिए सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जो हर गतिविधियों के संचालन में सहयोग करेंगे।