दिल्ली जा रही नान स्टॉप विक्र मशिला एक्सप्रेस में शनिवार दोपहर इटावा स्टेशन के पास सिपाही ने चेन पुलिंग कर दी। इससे ट्रेन के पहियों से धुआं निकलने लगा। आग लगने के भय से कोच में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। यात्री ट्रेन से कूद कर ट्रैक पर आ गए।मामले की जानकारी होते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और चेन पुलिंग करने वाले सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक अप ट्रैक पर खड़ी रही।
दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार 2367 अप नान स्टॉप विक्रमशिला एक्सप्रेस शनिवार दोपहर 1:08 बजे इटावा स्टेशन के पास थी, तभी ट्रेन में चेन पुलिंग हो गई। जिससे ट्रेन के एसी कोच संख्या ईआर 02051 के पहियों से तेज धुआं उठने लगा। पहियों से धुआं उठता देख कोच में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। जब तक ट्रेन रुकती तब तक ट्रेन का इंजन रामनगर रेलवे क्रासिंग पार कर चुका था। इस दौरान आग लगने के डर से कई यात्री ट्रेन से कूद गए। सूचना पर आरपीएफ एसआई अमित चौधरी, बाबूलाल मीणा, दलवीर सिंह, अनिल सिंह ने ट्रेन को घेर लिया और चेन पुलिंग करने वाले को पकड़ लिया। आरोपी सुरेश चंद्र पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी नगला मेंढा थाना चिरगांव झांसी यूपी पुलिस में सिपाही है। वह ट्रेन में कानपुर से सवार हुआ था। उसने बताया कि उसे भिंड जाना था। उसने ट्रेन न रुकने पर चेन पुलिंग की थी। आरपीएफ ने उसके विरुद्ध रेलवे की धारा 344/16 के तहत कार्रवाई की है। ट्रेन को डेढ़ बजे आगे रवाना किया गया।
डाउन ट्रैक पर कोई ट्रेन होती तो हो सकता था हादसा
इटावा। जिस समय विक्रमशिला में चेन पुलिंग हुई और यात्री आग के डर से पास के ट्रैक पर कूद कर भागे, उस समय डाउन ट्रैक पर कोई गाड़ी नहीं थी। यदि वहां कोई ट्रेन होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने तुरंत ही यात्रियों को डाउन ट्रैक से हटाया।