इकदिल। नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी स्लीपर बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बस मथुरा से अयोध्या की ओर जा रही थी। हादसे में बस सवार मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना कीरतपुर गांव के पास की है।
सुबह आठ बजे के आसपास जब चालक ने लघुशंका के लिए बस को हाईवे किनारे रोका था। जैसे ही बस पुनः चलने लगी तभी पीछे से आए तेज गति कंटेनर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस की सवारियों में चीखपुकार मच गई। घायलों की पहचान पदमा (48) पत्नी सुरेश कुमार निवासी सिधवा जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़, शंकर (55) पत्नी बैजनाथ और पर्मिला (62) पत्नी राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को बीच सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।