इटावा। एसएसपी के गोपनीय कार्यालय में तैनात सिपाही पर गर्भवती पत्नी को पीटने और दहेज के लिए उत्पीड़न करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। सिपाही की पत्नी भी झांसी में सिपाही पद पर तैनात है।
संघर्ष नगर करैही थाना बर्रा कानपुर निवासी रुचि बाजपेई आरक्षी पद पर वर्तमान में झांसी में तैनात हैं। रुचि ने महिला थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका सिपाही पति शोभित त्रिपाठी एसएसपी के गोपनीय कार्यालय में तैनात है।
ससुराली जन पति शोभित, सास बीना, ससुर विनोद कुमार,ननद वंदना, नंदोई कुलदीप व बुआ सास मधु ने शारीरिक व मानसिक रूप से अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। मांग पूरी न करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे पूर्व में दो माह का गर्भपात हो चुका है। इस समय भी वह गर्भवती है। 22 जुलाई की रात करीब सवा एक बजे महिला सिपाही के घर में घुसकर पति ने उसके साथ मारपीट की। महिला थाना पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।