फोटो 13:::::अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत स्वयं
इटावा। शहर में नुमाइश के कारण नहीं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही से जाम की स्थिति बनी है। प्रदर्शनी स्थल के आसपास के मुख्य मार्ग और बाजार सुबह से रात तक जाम में फंसे रहते हैं। इस जन-विरोधी व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस डीएम को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान कराने की मांग की। समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे के नेतृत्व में यह विरोध दर्ज कराया गया। ज्ञापन में कहा गया कि नो-एंट्री का बोर्ड आम आदमी और स्कूली बच्चों के लिए है। वहीं वीआईपी, नेता और प्रभावशाली लोगों की गाड़ियां नो-एंट्री में घुस रही हैं। पुलिस उन्हें सलाम ठोक रही है, जिससे दोहरे कानून का आरोप लगा। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड भी जाम में फंस रही हैं। व्यापारियों का कारोबार ठप है।
कांग्रेस ने सात सूत्री ज्ञापन में तत्काल स्थायी ट्रैफिक रोड मैप जारी करने की मांग की। कांग्रेस ने डीएम से तीन दिन में कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक करने का आग्रह किया, चेतावनी दी कि सुधार न होने पर वे जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे।
प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा जुबैरी, वाचस्पति द्विवेदी, जिला महासचिव अमित त्रिपाठी अंबुज, जिला महासचिव अनूप परमार, करण सिंह राजपूत, शहर महासचिव अवनीश वर्मा, जिला सचिव दीक्षा शुक्ला, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मोहित प्रताप शिवा ठाकुर आदि मौजूद रहे।