फोटो संख्या 04 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ताखा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से की मुल
- फोटो : ETAWHA
ऊसराहार। कानून व्यवस्था पर योगी सरकार विफल साबित हुई है। धान खरीद केंद्रों पर किसानों की जगह पूंजीपतियों का धान खरीदा जा रहा है। 2022 में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी। देशभर के किसानों ने केंद्र के काले कानून के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ताखा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से कही।
शनिवार को मैनपुरी जाते समय ताखा क्षेत्र के सरसईनावर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का स्वागत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की विफलताओं के संबंध में अवगत कराने को कहा। उन्होंने कहा कि देश भर के किसानों में केंद्र सरकार के काले कानूनों के खिलाफ गुस्सा है। सरकार दमनकारी नीति से किसानों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
यूपी में धान खरीद केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से खरीद की जा रही है। कांग्रेस इनके खिलाफ जमीन पर उतरेगी। कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि 2022 में राज्य सरकार से प्रताड़ित किसान मजदूर बेरोजगार व्यापारी कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष मोहम्मद रफीक, जिला सचिव संदीप कुमार यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।