इकदिल हाईवे पर ट्रक में पीछे से घुसा आटो
- फोटो : अमर उजाला
इकदिल थाना क्षेत्र के हाईवे पर गांव बिरारी के पास शुक्रवार की सुबह सवारियां लेकर आ रहा एक आटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस दुर्घटना में चालक समेत तीन सवारियां घायल हो गईं। एक सवारी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने घायलोें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चालक व एक महिला का हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार की सुबह एक आटो चालक बकेवर से सवारियां लेकर इटावा जा रहा था। आटो में चालक सहित चार लोग सवार थे। जैसे ही आटो हाईवे पर गांव बिरारी के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर वहां खड़े मौरंग से भरे ट्रक से जा टकराया, जिससे उसके ऊपर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना होते ही उसमें सवार लोग चीखने चिल्लाने लगे। आसपास के लोगों ने पहुंचकर आटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने पर एसओ इकदिल सतीश कुमार सिंह फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। रास्ते में ही एक सवारी ने दम तोड़ दिया। पुलिस को उसके पास से मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी गई। मृतक का नाम दिनेश कुमार (50) निवासी बगिया जसोहन थाना जसवंत नगर है। इसके अलावा घायलों में दिनेश की पत्नी उर्मिला देवी भी शामिल हैं।
हादसे की जानकारी मिलने पर दिनेश और उर्मिला के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। बकेवर नौधना के घायल विकास ने परिजनों का नंबर दिया तो लोगों ने उसके परिजनोें को सूचना दी। चालक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण वह बोलने की स्थिति में नहीं था। जिससे उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। चालक व दिनेश की पत्नी उर्मिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दिनेश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।