इटावा। कई दिनों बाद मंगलवार को दोपहर में धूप निकलने से ठंड से थोड़ी राहत मिली लेकिन शाम होते ही शीतलहर का असर शुरू हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर को दोपहर में धूप निकलने की संभावना है लेकिन ठंड में कोई खास कमी नहीं आएगी। नए साल के पहले दिन उत्तर भारत और कानपुर मंडल के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मंगलवार को दिन का तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 4.8 डिग्री कम है। वहीं रात का पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि शाम के समय दृश्यता शून्य और शीत दिवस जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में दिन में ऊंचाई वाले बादल रह सकते हैं, जिससे धूप तेज नहीं होगी। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर भी रहेगा और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता देखने को मिलेगी। लगातार ठंडे दिन और सुबह-शाम घना कोहरा आम जनजीवन पर असर डाल सकता है।