व्यापारी धर्मेंद्र सिंह से लूट के बारे में जानकारी लेते एएसपी लल्लन सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बाइक सवार दो बदमाशों ने बकेवर थाना क्षेत्र में लखना रोड पर बुधवार दिनदहाड़े फिरोजाबाद के कोयला व्यापारी से दो लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ने नाकेबंदी की, पर लुटेरों का सुराग नहीं लगा। अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ व्यापारी से घटना की जानकारी ली। थाना पुलिस इस वारदात को संदिग्ध मानकर चल रही है।
फीरोजाबाद जिले के डबरई निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह ईंट भट्ठे पर कोयला सप्लाई करते हैं। उन्होंने कस्बा भरथना निवासी सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव बंटी के ईंट भट्ठे पर कोयले की सप्लाई की थी। उन्होंने बुधवार को भरथना आकर मनोज यादव से कोयले के भुगतान का दो लाख रुपये का चेक लिया। लखना कस्बा स्थित स्टेट बैंक की शाखा से रकम निकालकर हैंडबैग में रख ली। वे बैग को बाइक के हैंडिल में टांगकर फीरोजाबाद जा रहे थे।
बकेवर में लखना-बकेवर मार्ग पर राजकीय मुर्गी फार्म के सामने पीछे से आए सफेद रंग की अपाचे बाइक सवार दो लुटेरों ने धर्मेंद्र को तमंचे से धमकाया और रुपयों वाला बैग चलती बाइक से खींच लिया और बकेवर की ओर भाग गए। धर्मेंद्र ने मोबाइल फोन से मनोज यादव को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बकेवर थानाध्यक्ष दिनेश शर्मा के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह, सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर, क्राइम ब्रांच की टीम के एसआई अजहर मौके पर पहुंचे और व्यापारी से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान घटनास्थल के आसपास भी लोगों से पूछताछ की। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पर बदमाशों का सुराग नहीं मिला। बकेवर एसओ ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। धर्मेंद्र ने न तो 100 नंबर पर सूचना दी और न ही शोर मचाया। आसपास जानकारी करने पर भी किसी ने ऐसी घटना की पुष्टि नहीं की। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।