इटावा। सफारी पार्क के उद्घाटन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए 15 मार्च को बैठक होगी। उसमें अगर सब कुछ ठीक मिला तो अप्रैल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सफारी पार्क का उद्घाटन कर सकते हैं। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने भी फरवरी में सीएम से भेंटकर सफारी पार्क के उद्घाटन का अनुरोध कर चुकी हैं। शासन स्तर पर 15 मार्च को होने वाली बैठक में सफारी पार्क में हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। शासन ने इसके लिए सफारी पार्क में प्राथमिकता के आधार पर कार्यों की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक के बाद प्रदेश सरकार के विभागीय मंत्री सफारी पार्क का निरीक्षण कर सकते हैं। इसके बाद अधूरे कामों को पूरा कराने की प्रक्रिया होगी। सफारी पार्क के निर्माण का काम आवास विकास परिषद ने कराया है। आवास विकास परिषद ने अवशेष कार्यों को पूरा कराने के लिए शासन से 20 करोड़ रुपये की मांग की है। भाजपा सरकार बनने के बाद से सफारी पार्क को कोई धनराशि जारी नहीं हुई है।