इटावा। रोडवेज बस से दिल्ली की यात्रा करना अब और महंगा हो गया है। यात्रियों को पहले की अपेक्षा एसी बस में यात्रा करने पर 7 रुपये अतिरिक्त एवं साधारण बस में 11 रुपये अधिक देने होंगे।
दिल्ली जाने के लिए लोगों को बढ़ा हुआ किराया देना होगा। इटावा से दिल्ली जाने के लिए साधारण बस का पहले किराया 397 रुपये था। जबकि यह बढ़कर 408 रुपये हो गया है। वहीं एसी बस में यात्रा के दौनान इटावा से दिल्ली का किराया पहले 489 रुपये था जो कि बढ़कर 496 रुपये हो गया है। यह बढ़ा हुआ किराया 7 दिसंबर से लागू भी कर दिया गया है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दिल्ली के आनंद बिहार और सराय काले खां जाने वाली बसों से पार्किंग शुल्क, जीएसटी के रूप में एक बस से करीब 386 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। इसी को लेकर बसों का किराया बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि बढ़े हुए किराया के आधार पर ही लोगों से किराया लिया जा रहा है और यह लगातार जारी रहेगा।