इटावा। जिला कृषि अधिकारी ने बसरेहर और ताखा क्षेत्र में बीज की दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया। छह दुकानों खाद और बीज के नमूने लिए गए। वहीं, तीन दुकानों में अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शनिवार को जिला कृषि अधिकारी कुलदीप राणा ने टीम के साथ बसरेहर और ताखा क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान करीब 19 दुकानों को चेक किया। छापेमारी की सूचना से ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों पर खलबली मची रही।
कई दुकानें लोग बंद करके भाग गए। करीब छह दुकानों पर संदिग्ध बीज और कुछ खादें मिलने पर टीम ने उनके नमूने भरे। साथ ही तीन दुकानों पर अनियमितता मिलने पर उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि बदलते मौसम के साथ किसानों को इस समय खाद की विशेष जरूरत हो रही है इसलिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। यदि निश्चित समय में उनका संतोषजनक जवाब नहीं आता है तो उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।