इटावा। जिले भर में गुरुवार को चौरी चौरा शताब्दी वर्ष मनाया गया। नुमाइश मैदान में प्रदेश के कृषि व जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 15 स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों व 18 शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। तहसीलों और कस्बों में देश के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा, गोष्ठी एवं प्रदर्शनी भी लगी। स्कूलों से जागरूकता रैली भी निकाली गई।
शहर के नुमाइश मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि व जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि देश को बहुत संघर्षों और बलिदानों के बाद आजादी मिली है। युवा पीढ़ी को अमर शहीदों के योगदान से परिचित कराने के लिए ही चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव की शुरुआत की गई है। कृषि मंत्री ने पंडाल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि चौरी चौरा चार फरवरी 1922 को हुए जन आंदोलन के लिए याद किया जाता है। आंदोलन से जुड़े और तथ्य उन्होंने बताए और मैदान के शहीद स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। शाम होते ही शहीद स्मारक पर जलाए दीये।
कार्यक्रम के दौरान शाम होते ही नुमाइश मैदान स्थित शहीद स्मारक पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला जज उमेश चंद्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर विधायक सरिता भदौरिया, विधायक सावित्री कठेरिया, जिलाध्यक्ष भाजपा अजय प्रताप ठाकरे, एसएसपी आकाश तोमर, डॉ. पदमा त्रिपाठी और डॉ. शैलेंद्र शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नुमाइश मैदान में एलईडी टीवी के माध्यम से दिखाया गया। इस्लामियां इंटर कालेज के प्रवक्ता डॉ. कुश चतुर्वेदी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
रैली निकाल किया जागरूक
इटावा। राजकीय इंटर कालेज से बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर. ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शास्त्री चौराहा, एसएसपी चौराहा, ग्वालियर बस स्टैंड होते हुए नुमाइश मैदान के शहीद स्मारक स्थल पर समाप्त हुई। रैली में एनसीसी, स्काउट गाइड के छात्र शामिल रहे। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा, डॉ. मुकेश कुमार, पूरन पाल सिंह, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. उमेश कुमार आदि रहे।