इटावा। मरम्मत के चलते अब चंबल पुल 18 से तीन अक्तूबर तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस संबंध में गुरुवार शाम डीएम ने आदेश जारी किए हैं।
बारिश शुरू होते ही 27 जून से चंबल पुल को बड़े वाहनों के आवागमन के लिए रोक दिया गया था। मरम्मत कार्य के साथ ही छोटे वाहनों की आवाजाही जारी थी। गुरुवार को पुल में डैक स्लैब पर कंक्रीट का काम कराने के लिए छोटे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है। 18 सितंबर से तीन अक्तूबर तक मरम्मत कार्य के चलते पुल बंद रहेगा। इससे अब ग्वालियर और भिंड जाने वाले व वहां से आने वाले लोगों को चकरनगर, जालौन होते हुए आना-जाना पड़ेगा।
यहां से होकर जाएं भिंड-ग्वालियर
भिंड जाने के लिए वाहन उदी से पछायगांव पिनहाट वाले पुल से होकर फूफ के आगे निकलेंगे। कानपुर की ओर से आने वाले वाहन बकेवर से लखना, चकरनगर, हनुमंतपुरा चौराहे से फूफ के लिए निकले जाएंगे। वहीं सिंडौस से उमरी से होते हुए भिंड में प्रवेश किया जा सकता है। उधर, जालौन से ग्वालियर जाने वाले लोग रामपुरा, पंचनद, हनुमंतपुरा होते हुए भी फूफ जा सकते हैं।