इटावा। यूपी को एमपी से जोड़ने वाले चंबल नदी पुल पर भारी वाहनों का आवागमन दो दिनों से बंद है। पुल की मरम्मत होने में करीब तीन हफ्ते का वक्त लग सकता है। मार्च के अंतिम सप्ताह में सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो सकता है।
बुधवार को चंबल पुल के पिलर संख्या 6 के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। सिर्फ छोटे और हल्के वाहन ही निकल रहे हैं। बेयरिंग की मरम्मत के लिए हाइड्रोलिक जैक की जरूरत पड़ेगी। जैक से बेयरिंग का ऊपरी हिस्सा लिफ्ट कराया जाएगा। इसके बाद उसे ठीक किया जाएगा। हाइड्रोलिक जैक राजस्थान अथवा बिहार से मंगवाया जाएगा। शासन स्तर पर इसकी जानकारी भेज दी गई है।
बृहस्पतिवार की देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर और एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने चंबल पुल पर पहुंचकर यहां तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कोई भी ओवरलोड अथवा प्रतिबंधित वाहन इधर से नहीं गुजरना चाहिए। दोनों अफसरों ने पुल के पास बने माइन टैग का भी निरीक्षण किया।
राष्ट्रीय मार्ग निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि हाइड्रोलिक जैक की डिमांड शासन को भेजी गई है। जैक आने के बाद ही काम शुरू होगा। पुल ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते का समय लग सकता है। मार्च के अंतिम सप्ताह में चंबल पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।