चकरनगर/उदी। चंबल पुल की मरम्मत में तेजी लाने के लिए रविवार से इस पर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। यह रोक 18 सितंबर से तीन अक्तूबर तक प्रभावी रहेगी। बीती 27 जून से अभी तक चंबल पुल पर सिर्फ भारी वाहनों के आवागमन पर रोक थी। मरम्मत कार्य के साथ ही छोटे वाहनों की आवाजाही जारी थी। मगर अब पुल में डैक स्लैब पर कंक्रीट का काम कराने के लिए छोटे वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई है।
चंबल पुल बंद होने से इटावा से भिंड और ग्वालियर जाने वाले लोगों को 50 से 60 किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। इन्हें चकरनगर, जालौन होते हुए जाना पड़ेगा। यही स्थिति उधर से इटावा आने वालों के लिए होगी। शनिवार को एक लेन पर काम चालू होने की वजह से एक लेन से ही वाहन निकाले गए।
उधर, वाहनों की आवाजाही बढ़ने की वजह से चकरनगर, सहसों, लखना और बकेवर थाने की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने कहा कि पुल बंद होने की वजह से चकरनगर हनुमंतपुरा रूट पर वाहनों की संख्या बढ़ेगी। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए संबंधित थानों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
इस तरह रहेगी आवागमन की व्यवस्था
पुल बंद होने के बाद लखना सिंडोस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। कानपुर की ओर से आने वाले वाहन बकेवर, लखना, चकरनगर, हनुमंतपुरा होते हुए मध्यप्रदेश के हनुमंतपुरा फूफ मार्ग से होकर हनुमंतपुरा बल्लू की गढ़िया मार्ग से उभरी होकर भिंड जाएंगे। उधर, जालौन की ओर से आने वाले वाहन रामपुरा, पचनद संगम के रास्ते हनुमंतपुरा होते हुए मध्यप्रदेश जा सकेंगे। वहीं जिला मुख्यालय इटावा से मध्यप्रदेश के लिए शिकोहाबाद-आगरा के रास्ते जाएंगे।
हनुमंतपुरा चौराहे पर होगी जाम की समस्या
चकरनगर हनुमंतपुरा बाजार में वाहनों की आवक बढ़ने से जाम लग सकता है। दुकानदार राजकुमार दुबे, शिवा पोरवाल, श्याम तिवारी बताते हैं कि वाहनों की संख्या बढ़ने से दुकानों के अंदर धूलधक्कड़ के अलावा संकरे बाजार में ग्राहकों को समस्या होगी। व्यापार भी प्रभावित होगा।
एक दिन पहले जाम से जूझे लोग
पुल बंद होने से एक दिन पहले शनिवार को लोगों को जाम से जूझना पड़ा। पुल के एक तरफ काम होने की वजह से दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से निकाले गए। ऐसे में लगभग तीन से चार किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर वाहन रेंग-रेंगकर निकलते रहे।
इटावाः पुल बंद होने के बाद हनुमंतपुरा चौराहे पर बढ़ेगा वाहनों का दबाव। संवाद- फोटो : ETAWAH
इटावा ः शनिवार को चंबल पुल पर लगा जाम। संवाद- फोटो : ETAWAH