आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुचीं सीडीओ प्रेरणा सिंह
- फोटो : ETAWHA
इटावा। बसरेहर विकासखंड क्षेत्र की मोहब्बतपुर ग्राम पंचायत के नगला बाबा गांव के प्राथमिक स्कूल में गुरुवार को ‘प्रशासन चला गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत सीडीओ प्रेरणा सिंह ने गुरुवार को पहली चौपाल लर्गाई। बैठक में श्रम विभाग के अधिकारियों के न पहुंचने और श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को न मिलने की जानकारी होने पर सीडीओ का पारा चढ़ गया। इसके बाद उन्होंने फोन पर श्रम विभाग के अधिकारियों की क्लास लगाई। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप ग्रामीणों को दो दिन में योजनाओं का लाभ दिए जाने की हिदायत दी।
सीडीओ को ग्रामीणों ने बिजली मीटर की समस्या बताई, तो उन्होंने समस्याएं निपटाने को कहा। सीडीओ ने कहा कि चौपाल का मुख्य उद्देश्य छोटे से छोटे कार्य के लिए जो गांव की जनता मुख्यालय के चक्कर लगाती है उससे उन्हें बचाया जा सके। गांव में ही उसी विभाग का अधिकारी मुहैया कराया जा सके, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि चौपाल के दौरान कुछ विभागों की लापरवाही देखी गई है। संबंधित विभागों के अफसरों को नोटिस भी जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
सीडीओ ने महिला समूह व गांव की गलियां और शौचालय आवासों का भी जायजा लिया। वहां मौजूद शिक्षकों से पढ़ाने के संबंध में सवाल जवाब किए। इस मौके पर परियोजना अधिकारी उमाकांत त्रिपाठी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी प्रमोद यादव, पशु चिकित्सक नरेश यादव, समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश सचिव रजनीश कुमार समेत कई विभागों के लोग उपस्थित रहे।