जसवंत नगर के नगला रामसुंदर में गौशाला का निरीक्षण करतीं खंड विकास अधिकारी ऋतु प्रिया
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर। जसवंतनगर की खंड विकास अधिकारी ऋतु प्रिया गोशालाओं में फैली अव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास में जुटी हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने नगला रामसुंदर में गोशाला का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्हें गोशाला में हरा चारा और छाया के लिए टीन शेड दुरुस्त कराने के लिए कहा है। वहीं प्रधान एवं पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि हरा चारा खरीद कर गोवंशों को खिलाएं। साथ ही ग्रामीणों से भी गोवंशों को हरा चारा दान में देने की अपील की है।
उन्होंने देखा कि गोवंशों को खाने के लिए हरे चारे की कमी है। इसके लिए संबंधित कर्मियों से पंचायत की जमीन पर हरा चारे की बुवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा आंधी में उड़ गई गोशाला की टीन को ठीक कराने एवं गोशाला में छायादार पौधे लगाने के लिए कहा है। जो लोग गोवंशों के लिए हरा चारा दान करें, उनका नाम रजिस्टर बनाकर दर्ज किया जाए।
उन्होंने बताया कि ऊसर भूमि में हरियाली लाने के लिए पौधारोपण कराने के लिए वन विभाग से संपर्क कर रही है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र में हर ऊसर जमीन हरी-भरी रहे।