बसरेहर (इटावा)। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद भी गोशालाओं की स्थिति सुधर नहीं रही है। चौबिया की गोशाला में मवेशियों के शवों को दफनाने की जगह गोबर में दबा दिया गया। गोबर में जब हड्डियां दबी दिखीं तो जिम्मेदारों की लापरवाही की पोल खुल गई। अफसर मामले को दबाने में जुटे हैं और जांच कराने की बात कह रहे हैं।
विकासखंड के गांव चौबिया में स्थापित गोशाला में मवेशियों को सूखा भूसा दिया जा रहा है। इसके कारण मवेशी कमजोर होकर दम तोड़ रहे हैं। स्थिति ये है कि उनके शवों को दफनाने की जगह जिम्मेदार गोबर में दबा रहे हैं। गोशाला में 163 मवेशी हैं। शनिवार को तीन गोवंशों के शव गोबर में दबे दिखे। मवेशियों की इस हालत के बाद भी जिम्मेदार इस पर पर्दा डालने का प्रयास किए जा रहे हैं। अब बात जांच की कही जा रही है।
एडीओ पंचायत वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कि उन्हें गोवंशों की मौत की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।