इटावा। घर के बाहर खड़ी कार में शरारती युवकों गुरुवार देर रात आग लगा दी। आग की लपटें देख गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और पानी डाल कर आग पर काबू पाया।
वहीं, कार में आग लगाते दो युवकों की फोटो कैमरे में कैद हो गई हैै। फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों की शिनाख्त करने में जुट गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद निवासी महमूद खान की कार घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। गुरुवार रात तीन बजे के आसपास दो युवक आए और ज्वलनशील पदार्थ डालकर कार में आग लगा दी।
युवकों के कार में आग लगाने का वीडियो एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। इसी दौरान यूपी 112 पर तैनात दो सिपाही गश्त करते हुए निकले तो उन्हें कार जलती दिखी।
वह नौरंगाबाद चौकी में सूचना देकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पाकर सदर कोतवाल और नौरंगाबाद चौकी की फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों के घरों से पानी लेकर आग पर काबू पाया।
सदर कोतवाल भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि कार में आग लगाते दो युवकों की वीडियो सीसीटी कैमरे में कैद हो गई है। दोनों युवकों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।