बसरेहर। क्षेत्र की बहादुरपुर गोशाला अव्यवस्था का शिकार है। भूख-प्यास से बेहाल गोवंश दम तोड़ रहे हैं। तीन दिन में दो गोवंशों की मौत हो चुकी है। गोशाला में नांदें खाली हैं। पराली खाने की वजह से गोवंश बीमार हो रहे हैं।
केयरटेकर होने के बावजूद दिनभर गोशाला में ताला लगा रहता है। शनिवार को गोशाला के दरवाजे पर बछड़ा मृत पड़ा मिला। कुत्ते शव नोंच रहे थे। वहीं गोशाला के अंदर भी गाय मरी पड़ी थी।
गोशाला के आसपास खेती कर रहे किसानों ने कहा कि जब से गोशाला का निर्माण हुआ है, तब से सैकड़ों गोवंश गोशाला के अंदर और बाहर दफनाए जा चुके हैं। दुर्गंध की वजह से खेतों में काम करना भी मुश्किल हो जाता है। सदर एसडीएम विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। बसरेहर बीडीओ को इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं।