एजेंसी संचालक व मैनजर के उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने की थी खुदकुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। चार दिन पहले एजेंसी संचालक व मैनेजर के उत्पीड़न से तंग आकर सेल्समैन ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मामले में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर एजेंसी संचालक समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के लालपुरा पजैया निवासी माधुरी ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया उमेश जैन निवासी लालपुरा, अतुल शर्मा निवासी फ्रेंड्स काॅलोनी, बंटू, पवन व अनुज पति अमित कुमार राठौर को काफी समय से अपमानित करते रहते थे। पति से 20 लाख रुपये नाजायज तरीके से मांग कर रहे थे। आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर पति ने पांच मार्च को फंदा लगाकर जान दे दी। पति ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था जिसमें आरोपियों के नाम भी हैं। पुलिस ने पांचों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व रंगदारी मांगने की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।