इटावा/निवाड़ीकला। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अब गैर जनपद अथवा जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। नए सत्र से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ ब्लॉक मुख्यालय पर मिल सकेगा।
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिला मुख्यालय पर एक सेंटर संचालित हो रहा है, जिसमें 85 युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही है।
योजना के नोडल अधिकारी अभिषेक ने बताया कि इस बार परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ने पर प्रत्येक ब्लॉक में सेंटरों का संचालन किया जाएगा। आश्रम पद्धति संचालित विद्यालय में भी इस सत्र से योजना के अंतर्गत निशुल्क कोचिंग की शुरुआत की जाएगी। परीक्षार्थी को आवेदन मुख्य रूप से जिला मुख्यालय पर ही करने होंगे। इसके बाद विभाग ब्लॉक वार छंटनी होगी, पर्याप्त संख्या मिलने पर उस ब्लॉक में सेंटर की शुरुआत कर दी जाएगी, जिससे छात्र- छात्राओं को अपने ब्लॉक में ही तैयारी करने का मौका मिल सकेगा।
धन और समय की बचत होगी
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अमन का कहना है कि अगर ब्लॉक स्तर पर निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था हो जाए तो इससे अच्छा क्या हो सकता है। इससे धन और समय की बचत होगी। पढ़ाई अच्छी हो सकेगी।
परीक्षार्थी रोहित कुमार ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर इस योजना के लागू होने से काफी सहूलियत मिलेगी। बशर्ते योजना का क्रियान्वयन सही ढंग से किया जाए। सरकारी कोचिंग संस्थानों में अच्छे शिक्षकों की तैनाती होनी चाहिए।
नीरज का कहना है योजनाएं तो बहुत चलती हैं, लेकिन उनका धरातल पर उतरना भी जरूरी है। ग्रामीण युवाओं के लिए ब्लॉक स्तर पर सेंटर खोले जाने का निर्णय स्वागत योग्य है। ऐसी पहल का सभी को समर्थन करना चाहिए।
विकास ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित निशुल्क कोचिंग सेंटर से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को मौका नहीं मिल पाता था। मुख्यालय पहुंचने के लिए उन्हें अतिरिक्त खर्चे के साथ-साथ समय भी अधिक लगता था। इस वजह से युवा रुचि नहीं लेते थे, अब अधिक से अधिक युवा तैयारी करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
इन परीक्षाओं की मिलेगी कोचिंग
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग, यूपीपीसीएस, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, जेईई, नीट, एनडीए आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी।