चकरनगर। कस्बा चकरनगर के हनुमंतपुरा सड़क मार्ग पर सोमवार को दिनदहाड़े बकरी चोरी कर भाग रहे कार सवार चोरों की कार बाइक से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों और विद्युत कर्मियों की मदद से चकरनगर पुलिस ने तीनों चोरों को पकड़ लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पकड़े गए तीनों आरोपी मैनपुरी क्षेत्र के है। वह दिन में इनामी कूपन के बहाने गांव-गांव घूमकर बकरियों की रेकी करते थे।
कस्बे में सोमवार दोपहर 11 बजे रिटायर्ड वन दरोगा अवधेश यादव के पशुबाड़े से कार सवार बदमाशों ने रस्सी काटकर दो कीमती जमुनापारी बकरियां चोरी कर लीं और उन्हें लग्जरी कार में डालकर उदी सड़क मार्ग से भाग रहे थे। इसी दौरान बरचौली गांव के लिंक मार्ग के पास विद्युत कर्मी हरेंद्र यादव और कमलेश सिंह बाइक से पेट्रोलिंग कर रहे थे।
तभी संदिग्ध कार उनकी बाइक से टकराकर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो अन्य भागने लगे। संदेह होने पर आसपास के लोगों ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही चकरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चोरी की गई दोनों बकरियां भी बरामद कर ली हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सत्यवीर बंजारा, विपुल सिंह, मोर्धज बंजारा निवासीगण जरारा भारापुर, थाना एलाऊ मैनपुरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
बता दें पिछले एक साल में थाना क्षेत्र के कई गांवों से सात से अधिक पशुपालकों की बकरियां चोरी हो चुकी हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी इसी कार की पहचान सामने आई है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया आरोपी इनामी कूपन के बहाने गैस चूल्हा, टीवी, फ्रिज और पंखा बेचने के नाम पर गांवों में घूमते थे और बकरियों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।