जसवंतनगर। चक गांव के पास मंगलवार रात नींद आने से बेकाबू हुई कार सामने से आ रहे कैंटर में घुस गई। लुधपुरा निवासी मुकेश कुमार कैंटर लेकर से लखेरे कुआं, कचौरा घाट और बलरई की ओर जा रहा था।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया इसी दौरान कचौरा घाट की तरफ से आ रही कार के चालक आदर्श को नींद आ गई। इससे कार बेकाबू होकर चक गांव के पास कैंटर में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कराया।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक कार चालक मौके से जा चुका था, जबकि कैंटर चालक वहां मौजूद मिला। उसने बताया कार चालक को नींद आ गई थी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।(संवाद)