इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के भरथना रोड स्थित लक्ष्मण वाटिका के पास रविवार रात तेज रफ्तार एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया और कार उसे रौंदते हुए निकल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक सवार को जिला अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट लगाए था।
जसवंतनगर निवासी रविंद्र शर्मा (55) की घर के पास ही हार्डवेयर की दुकान है। बेटे शिवम ने बताया कि पिता रविवार सुबह करीब 11 बजे दुकान का सामान लेने के लिए बाइक से भरथना गए थे। दुकान बंद होने पर वह भरथना निवासी एक रिश्तेदार के घर चले गए थे। रात को वहां से घर लौटते समय भरथना रोड स्थित लक्ष्मण वाटिका के पास तेज रफ्तार एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इससे वह सड़क पर गिर गए और कार चालक भागने के चक्कर में उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने बाइक नंबर, मोबाइल व कागजात से उनकी पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
50 हजार रुपये गायब होने का आरोप
शिवम का आरोप है कि पिता दुकान का सामन लेने के लिए 50 हजार रुपये लेकर निकले थे। हादसे के बाद उनके पास से 5400 रुपये ही मिले हैं। पीड़ित ने अज्ञात कार व रुपये गायब होने के संबंध में फ्रेंड्स कालोनी थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी अनिल कुमार चौबे ने बताया कि रुपये गायब होने की जानकारी नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर मामले की जांच की जाएगी।