फोटो :02: अमोलर के पास खेत में टमाटर की फसल। संवाद
तालग्राम। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान अब शिमला मिर्च, टमाटर और हरी मटर फसल का बीमा करा सकेंगे। इसके लिए 30 नवंबर तक किसान बैंक शाखा, जनसेवा केंद्र और पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से बीमा कराने के लिए आवेदन करना होगा।
टमाटर की फसल के लिए 50 हजार रुपये की बीमित धनराशि पर 1250 रुपये और हरी मटर के लिए 70 हजार रुपये की बीमित धनराशि पर 1750 रुपये प्रीमियम देना होगा। वहीं, गैर ऋणी किसान को बीमित धनराशि का 2.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। इसके तहत टमाटर, हरी मटर और शिमला मिर्च की खेती करने वाले ऋणी, गैर ऋणी बटाईदार और ठेकेदार किसान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
ऋणी किसानों की फसल का बीमा बैंक की ओर से अनिवार्य रूप से किया जाएगा। हालांकि, जो ऋणी किसान बीमा नहीं कराना चाहते हैं उन्हें अंतिम तिथि के सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में प्रार्थना पत्र देना होगा। योजना में बेमौसम बारिश, अधिक वर्षा, तापमान की कमी या वृद्धि और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान को शामिल किया गया है। बोआई से लेकर कटाई तक मौसम संबंधी आंकड़े के आधार पर क्षतिपूर्ति का आकलन किया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने बताया कि अब हरी मटर, टमाटर और शिमला मिर्च फसल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल किया गया है। 30 नवंबर तक किसानों से बीमा कराने की अपील की गई है। किसान योजना की विस्तृत जानकारी के लिए पीएमएफबीवाई पोर्टल अथवा कृषि एवं उद्यान विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।