इटावा। शहर कांग्रेस कमेटी ने जेईई और एनईईटी परीक्षाएं जबरन कराए जाने के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस जनों ने मांग की कि छात्र हित में, छात्रों के स्वास्थ्य और देश के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन परीक्षाओं को रद्द किया जाना बहुत ही आवश्यक है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पल्लव दुबे ने कहा कि जिस प्रकार देश में प्रतिदिन 70 से 75 हजार कोरोना पॉजिटिव के केस आ रहे हैं। हजारों की संख्या में नागरिकों की कोरोना से मौत हो रही है। ऐसे में केंद्र सरकार का जबरन यह परीक्षाएं कराया जाना छात्रों के हित में नहीं है। इस परीक्षा के होने से छात्रों के स्वास्थ्य के ऊपर गलत प्रभाव पड़ेगा।
कोरोना के कारण देश में यातायात के साधन तथा होटल आदि में रहने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में एक छात्र कैसे परीक्षा स्थलों तक पहुंचेंगे। इस बात को लेकर उन्हें मानसिक तनाव की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। उनके अभिभावक भी इससे काफी आहत हैं। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपति से मांग करती है कि वह केंद्र सरकार को आदेशित करें कि वह इन परीक्षाओं को तुरंत रद्द कराएं तथा कोरोना के बाद यह परीक्षाएं कराईं जाएं।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हंशमुखी संखवार, विष्णु कांत मिश्रा ,प्रशांत दुबे ,मनोज दीक्षित, यतिन्द्र दीक्षित, शिवम तिवारी, जितेंद्र सिंह पाल, आनंद वर्मा, हरेंद्र पाल सिंह, सुभाष शाक्य ,आसिफ वारसी ,आसिफ जादरान ,सचिन संखवार, जहीन खान, अंशुल यादव, राजेश राजपूत, संजीव कुमार सविता, सचिन तिवारी ,संगम कठेरिया, सहित कई कांग्रेस जन उपस्थित रहे।