ताखा (इटावा)। साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक पुलिया से जा टकराई। हादसे में बाइक में पीछे बैठी महिला उछलकर नदी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए पति भी नदी में कूद गया। लोगों ने युवक को बचा लिया। महिला की तलाश जारी है।
औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला बांस निवासी राजेश कुमार शाक्य पत्नी रंजना को दवा दिलाने इटावा आ रहे थे। इस दौरान ऊसराहार भरथना रोड पर पुरहा नदी के पुल पर उनकी बाइक के सामने साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। रंजना पुरहा नदी में जा गिरी।
राजेश को तैराना नहीं आता था फिर भी वह पत्नी को बचाने नदी में कूद गया। सूचना मिलते ही एसडीएम देवेंद्र कुमार, तहसीलदार प्रभातराय, सीओ भरथना विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीन घंटे बाद चकरनगर से पीएसी के गोताखोर स्टीमर लेकर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू कर दी। एसडीएम ताखा देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। सोमवार सुबह महिला की तलाश शुरू की जाएगी। बार-बार स्टीमर खराब होने से लोगों में रोष भी दिखा।