फोटो: 34 हाईवे पर बसों का इंतजार करते यात्री। संवाद
बस स्टॉप पर इंतजार करते रहते यात्री, फ्लाईओवर से फुर्र हो जातीं रोडवेज बसें
क्रॉसर
जसवंतनगर के लोगों ने की निर्धारित मार्ग से रोडवेज बसों का संचालन किए जाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। कस्बे से होकर गुजरने वाली रोडवेज बसों के निर्धारित मार्ग का पालन न करने का आरोप कस्बे के लोगों ने लगाया है। कस्बावासियों का कहना है कि कई रोडवेज बस चालक कस्बे के बस स्टैंड और प्रमुख स्टॉपों पर आने के बजाय सीधे फ्लाईओवर से बसें निकाल ले जाते हैं। इससे बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे यात्रियों को घंटों बस नहीं मिलती, जबकि बाहर से आने वाले यात्रियों को फ्लाईओवर के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर उतार दिया जाता है।
यात्री संगीता देवी, सर्वेश, वेदराम, शिमला देवी, अशोक आदि का कहना है कि रात के समय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। फ्लाईओवर पर उतारे जाने के बाद उन्हें घर पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिलता, जबकि बस स्टैंड पर ऑटो और ई-रिक्शा आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। वहीं, बस स्टॉप पर खड़े यात्रियों को भी बस नहीं मिलने से मजबूरन निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। हाल ही में इस समस्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में रात करीब साढ़े दस बजे सीएचसी के पास कई यात्री रोडवेज बस का इंतजार करते नजर आए। बस आने पर यात्रियों ने हाथ देकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और फ्लाईओवर से निकल गया। इसके बाद यात्रियों को निजी बस से अपने गंतव्य के लिए रवाना होना पड़ा।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले की शिकायत जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल से की गई थी। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे और समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया था। इसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय राशिद, राजीव यादव, अनुरुद्ध दुबे, सुमित, लक्ष्मिकान्त आदि का कहना है कि निर्धारित मार्ग का पालन न होने से प्रतिदिन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि मनमानी करने वाले बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी रोडवेज बसों का नियमित रूप से कस्बे के निर्धारित मार्ग से आने जाने के निर्देश दिए जाएं।