इटावा। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव कराने के लिए रोडवेज डिपो की 10 बसें रवाना हो गईं हैं। इसके कारण सोमवार से यात्रियों के लिए परेशानी शुरू हो गई। बसें न मिलने से कानपुर-आगरा जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बस के आते ही सीट पाने की आपाधापी शुरू हो जाती।
प्रदेश में निकाय चुनाव दो चरणों में होने हैं। पहले चरण में चार मई को होने वाले मतदान के लिए इटावा डिपो की पांच-पांच बसें गईं हैं। एक तरफ चुनाव में लगने से जहां बसें कम हो गईं, वहीं शादियों का दौर होने की वजह से यात्रियों की संख्या बढ़ गई। रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कानपुर और आगरा जाने के लिए यात्रियों को बसें नहीं मिलीं।
फर्रुखाबाद रूट पर भी यात्रियों की संख्या अधिक रही। 11 बजे फर्रुखाबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई। एक रोडवेज की व दूसरी अनुबंधित बस से यात्री रवाना किए गए। यात्री बरेली, झांसी, उरई और हमीरपुर के लिए भी बसों का इंतजार करते नजर आए।
उरई डिपो में छूटा बैग
एक यात्री का बैग उरई डिपो में छूट गया। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक पीआर पांडेय ने उरई डिपो के चालक से संपर्क कर अपनी स्टाफ कार से स्टेशन प्रभारी श्याम दुबे को भेजकर बैग मंगवाकर यात्री को दिलवाया।
बस अड्डे पर आरएम व एआरएम को बैठना पड़ा
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर क्षेत्रीय प्रबंधक पीआर पांडेय व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डीएम सक्सेना को बस अड्डे पर बैठना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि निकाय चुनाव में बसें भेजे जाने से बसें कम पड़ गईं। जबकि शादियों का सीजन भी है। अभी तक कम यात्री आ रहे थे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें बसों से भिजवा रहे हैं।
बस स्टैंड पर करते रहे इंतजार
रेलवे स्टेशन पर यात्री शिवम ने बताया कानपुर जाना है। काफी देर तक बस स्टैंड तिराहे पर खड़े थे। बस न आने पर स्टेशन चले आए कि शायद कोई ट्रेन मिल जाए।
बस अड्डे पर आमिर ने बताया कि वह करीब आधा घंटा से खड़े हैं। आगरा जाने के लिए कोई बस नहीं आई है। कई बार पता किया, बताते रहे बस आने वाली है। आगरा के लिए ट्रेन भी नहीं है।
ट्रेनों में लटककर किया सफर
ट्रेनों में भीड़ की वजह से यात्रियों को गेट के पास लटककर यात्रा करनी पड़ी। सोमवार को नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली नेताजी कालका एक्सप्रेस इटावा पहुंची तो जनरल कोच के बाहर पायदान तक लोग लटके रहे। महानंदा, आगरा इंटरसिटी और कानपुर, आगरा जाने वाली मेमू पैसेंजर में भी भीड़ रही।