शहर के भरथना चौराहा के पास सराफा व्यवसायी के स्कूटर की डिग्गी से लाखों रुपये व जेवर चोरी की घटना का खुलासा न होने से नाराज सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को बाजार बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस से घटना का शीघ्र खुलासा कर माल बरामदगी की मांग की।
नौ फरवरी को फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के भरथना चौराहे स्थित बाबा ज्वैलर्स की दुकान के बाहर खडे़ व्यापारी के स्कूटर की डिग्गी का ताला तोड़कर टप्पेबाजों ने 30 लाख रुपये व जेवर से भरे बैग पार कर दिया था। जिसके बाद से व्यापारी लगातार पुलिस से घटना का खुलासा करने की मांग कर रहे थे। मामले में पुलिस की कार्यशैली से नाराज सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को बाजार बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया।
शहर में रामगंज, सब्जी मंडी, राजागंज, भरथना चौराहा, विजय नगर चौराहा, पचावली चौराहा, सिंधी मार्केट, बजाजा लाइन, कचौरा रोड पर सराफा बाजार बंद रहा। शहर के होमगंज सराफा बाजार में भी दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद व्यापारी नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने सीओ नगर राघवेंद्र सिंह राठौर को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द घटना का खुलासा किए जाने की मांग की। इसपर सीओ ने उन्हें 22 फरवरी तक घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में है और इसमें पुलिस की दो टीमों को कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं। विरोध प्रदर्शन करने वालों में सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह वर्मा, ओंकार प्रसाद मथुरिया, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, संतोष सोनी, राजकुमार वर्मा, राजेश सोनी, मनोज सोनी, जय कुमार, उमेश चंद्र वर्मा, राजू टंच, अनिल सोनी, क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अमित सोनी, शंकर लाल, मनोज यादव, दिलीप, सत्य प्रकाश डींडा आदि शामिल रहे।