डीएम कार्यालय के बाहर एकत्र बीटीसी अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
बीटीसी 2015 के अभ्यर्थियों ने डायट पर चल रही प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाकर शुक्रवार शाम डीएम आवास पर हंगामा किया। डीएम ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अभ्यर्थी शांत हुए।
बीटीसी 2015 प्रवेश प्रक्रिया के तहत डायट में काउंसलिंग का कार्य हाल ही में पूरा किया गया। इसके बाद प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों की सूची डायट पर चस्पा की गई थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि प्रथम और द्वितीय चरण में 751 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हुई लेकिन उन सभी को प्रवेश नहीं दिया गया। वहीं अभी तक डायट प्रशासन ने तीसरी काउंसलिंग की कट आफ लिस्ट जारी नहीं की है। इसके बावजूद अन्य अभ्यर्थियों के ड्राफ्ट जमा किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि तीन दिन से अगले दिन कट आफ जारी किए जाने की बात कहकर उन्हें कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। अभ्यर्थी ये शिकायत लेकर शुक्रवार सुबह से शाम तक कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी से मुलाकात को भटकते रहे। शाम को वह जिलाधिकारी आवास पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उन्हें बताया गया कि डीएम साहब कलक्ट्रेट में बैठक ले रहे हैं। जिस पर अभ्यर्थी कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को समस्या बताई। जिलाधिकारी शमीम अहमद ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि प्रवेश में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। वह स्वयं उक्त मामले को देखेंगे। इसके बाद अभ्यर्थी वापस डायट चले गए।