बकेवर। कस्बे के लोहिया नगर मुहल्ले में समोसे की दुकान पर कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे पर खौलता तेल डाल दिया। घटना में युवक बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने उसे 50 शैया अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे आयुर्विज्ञान विवि भेज दिया गया।
वीरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि मंगलवार देर शाम उनका पुत्र धर्म सिंह (28) का मोहल्ले के ही एक युवक से समोसे की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान युवक ने गाली-गलौज भी की। इसी बात पर नाराज होकर नामजद युवक ने धर्म सिंह के ऊपर समोसे की कढ़ाई से खौलता हुआ तेल डाल दिया।
इससे धर्म सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। धर्म सिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आनन-फानन में उसे 50 शैय्या अस्पताल बकेवर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।