इटावा/लवेदी। नगला वंशी गांव की मोहिनी (14) पुत्री आकाश बाबू का शव नहर में मिल गया है। मंगलवार को लवेदी थाना क्षेत्र में एसडीआरएफ टीम की ओर से शव तलाशे जाने के बाद उसकी शिनाख्त मृतका के पिता और भाई ने की है। मोहिनी शनिवार शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने वैदपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। खोजबीन के दौरान जब परिजन नगला बंशी की ओर पहुंचे तो नहर किनारे मोहिनी की चप्पल मिली थी। इससे नहर में गिरने की आशंका जताई गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को बुलाकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। मंगलवार देर रात गांव में मोहिनी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मोहिनी अपने दादा चतुर सिंह और दादी राजेंद्री देवी के साथ रहती थी। उसके दो अन्य भाई-बहन भी हैं। वैदपुरा थानाध्यक्ष नागेंद्र चौधरी ने बताया कि पिता की तहरीर पर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। बालिका के नहर में पहुंचने के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।