फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: आगरा से लापता छात्रा का शव यमुना में मिला, फेंका था लेखपाल ने

Wed, 07 Oct 2026 12:21 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
बढ़पुरा। आगरा के एमएम गेट थाना क्षेत्र से लापता छात्रा का शव मंगलवार को बढ़पुरा क्षेत्र के मिहौली गांव के पास यमुना नदी किनारे बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा की पहचान आगरा के बाह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के रूप में हुई है। मामले में आगरा पुलिस के हिरासत में लिए गए फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल शिवजीत सिंह से पूछताछ में छात्रा के शव को यमुना में फेंकने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस उसे बाह-इटावा सीमा पर लेकर गई, लेकिन उस समय शव का पता नहीं चल सका था। बाद में मिहौली के पास शव बरामद हुआ।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार युवती एमएम गेट क्षेत्र में पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पिता ने बताया कि 24 सितंबर को वह उसे आगरा में भगवान टॉकीज पर छोड़कर गए थे। इसके बाद रोजाना उससे फोन पर बातचीत करते थे। 29 सितंबर तक उनकी बेटी से बात हुई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह लापता हो गई। परिजनों ने एमएम गेट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में युवती की पहचान रुदमुली निवासी शिवजीत सिंह से होने की जानकारी सामने आई।
शिवजीत फतेहाबाद तहसील में लेखपाल है और विवाहित बताया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि छात्रा उससे शादी करने के लिए दबाव बना रही थी और पत्नी से तलाक लेने को कह रही थी। वह इसके लिए तैयार नहीं था। पुलिस के मुताबिक शिवजीत ने पूछताछ में बताया कि छात्रा फतेहाबाद रोड स्थित उसके किराये के कमरे पर आई थी। इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। वह छात्रा को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

इसके बाद वह शव को कार में रखकर बाह-इटावा सीमा की ओर ले गया और यमुना में शव व छात्रा का मोबाइल फेंक दिया। मंगलवार को मिहौली गांव के पास यमुना नदी किनारे बोरे में शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। मामला आगरा जनपद से संबंधित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगरा पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें