बकेवर। आखिरकार काफी जद्दोजहद के बाद भाजपा में महेवा ब्लाक के सपा ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की स्क्रिप्ट तैयार हो ही गई। मंगलवार की देर शाम भाजपा नेता गोविंद त्रिपाठी के नेतृत्व में सीडीओ पीके श्रीवास्तव के समक्ष 60 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया ।
महेवा ब्लाक में सपा के ब्लाक प्रमुख प्रमोद यादव के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के लिए प्रदेश में सरकार परिवर्तन के बाद से ही रस्साकशी शुरू हो गई थी। इकनौर के भाजपा नेता गोविंद त्रिपाठी अपनी पत्नी रीना त्रिपाठी को ब्लाक प्रमुख बनाने के लिए इस मुहिम में जुटे थे। करीब 60 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के शपथ पत्र मिलने के बाद भी भाजपा के जिले के नेताओं का रुख महेवा के सपा ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कुछ स्पष्ट नजर नहीं आया। भाजपा नेताओं की आपसी गुटबाजी वर्चस्व को लेकर एक बार तो यह मामला खटाई में पड़ता नजर आया। दूसरे शपथ पत्रों को 6 माह से अधिक का समय बीत रहा था। आखिरकार मंगलवार को इकनौर की क्षेत्र पंचायत सदस्य रीना त्रिपाठी ने 60 बीडीसी सदस्यों के साथ जिला मुख्यालय पर सीडीओ के समक्ष महेवा ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में शपथ पत्र प्रस्तुत किए। जनपद के सबसे बड़े ब्लाक व एशिया के प्रथम ब्लाक महेवा में वर्तमान में 106 बीडीसी सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव के लिए कम से कम 54 बीडीसी सदस्यों का होना आवश्यक है। भाजपा समर्थकों ने 60 बीडीसी सदस्यों के शपथ पत्र प्राप्त कर लिए है। मंगलवार को भाजपा नेता गोविंद त्रिपाठी ने सीडीओ के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में शपथ पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे इस समय जिले से बाहर हैं। उनके आने के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की तारीख तय की जाएगी।