जसवंतनगर। भाजपा नेता संविधान, लोकतंत्र और कानून का सम्मान नहीं करते और झूठे प्रचार के सहारे सत्ता में बने हुए हैं। यह आरोप शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने ब्लॉक परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनावरण और विकास कार्य के लोकापर्ण कार्यक्रम में कही।
आगे रोजगार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग के नाम पर युवाओं को ठगा जा रहा है। कागजों में 14 हजार रुपये वेतन दर्शाया जाता है जबकि वास्तविकता में मात्र आठ हजार रुपये ही दिए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने कम वेतन में कोई परिवार कैसे चल सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने प्रेरणा स्थल की सराहना करते हुए कहा कि यहां विभिन्न जातियों और वर्गों के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर भेदभाव मिटाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।
इसके लिए उन्होंने ब्लॉक प्रमुख डॉ. अंजली यादव एवं पूर्व ब्लाॅक प्रमुख अनुज यादव की प्रशंसा की। बदायूं के सांसद अंकुर यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेरणा कैंटीन, ब्लॉक प्रमुख कक्ष, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कक्ष, पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायक कक्ष का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सिंह ने की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बृजेश चंद्र यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज यादव, ब्लॉक प्रमुख अंजली यादव, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार शाक्य, विश्वनाथ प्रताप सिंह, सोनू यादव, ठाकुर राजेंद्र सिंह गौर, सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हाजी शमीम खां मौजूद रहे।
ब्लॉक सभागार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव की मौजूदगी में तथा ब्लॉक प्रमुख अंजली यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों से कहा कि जिन कार्यों का भुगतान कम हुआ है, नहीं हो पाया है, बकाया है अथवा जो कार्य प्रस्तावित हैं, उनकी पूरी जानकारी प्रार्थना पत्र के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन कार्यों में बजट की समस्या आ रही है, उनके लिए वे स्वयं प्रयास कर शीघ्र समाधान कराएंगे। ब्लॉक प्रमुख अंजली यादव ने कहा कि जिन ग्राम प्रधानों एवं बीडीसी सदस्यों ने अपने प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं वे उन्हें तुरंत जमा करें। जो लोग प्रस्ताव नहीं ला पाए हैं, वे शीघ्र ही ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में अपने प्रस्ताव जमा करें।