जसवंत नगर (इटावा)। दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गए। घायल को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरा बाइक सवार युवक मौके से भाग गया। मृतक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
जनपद फिरोजाबाद के सिकरिया गांव निवासी श्यामसुंदर (30) गुरुवार दोपहर बाइक से इटावा आ रहे थे। रास्ते में मैनपुरी के लखनमऊ निवासी रामप्रताप (70) ने उनसे लिफ्ट ले ली। दोपहर तीन बजे जसवंत नगर के जोनई पेट्रोल पंप के पास बने कट को पार करते वक्त श्याम सुंदर की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में श्याम सुंदर व राम प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर दरोगा संतोष कुमार पहुंचे और एंबुलेंस से दोनों को सैफई मेडिकल कालेज भेजा। वहां डॉक्टर ने श्यामसुंदर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया। जसवंत नगर थाना प्रभारी अब्दुल सलाम सिद्दीकी ने बताया कि मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, दूसरी बाइक सवार की तलाश की जा रही है।