जिले में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की सुबह ससुराल जा रही महिला को बाइकर्स लुटेरों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। लुटेरे उसका सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, मटरमाला, मोबाइल लूटकर हाइवे पर इटावा की ओर भाग निकले। सूचना मिली तो पुलिस भी पहुंची, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव पीपरीपुरा निवासी अजय यादव की पत्नी सीमा शनिवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने मायके नगला आनंद थाना करहल से ससुराल जा रही थी। वह दिल्ली-कानपुर हाइवे पर वनकटी मोड़ के पास टेंपो से उतरीं और पीपरीपुरा जाने के लिए चल दीं।
इसी बीच काले रंग की पल्सर पर सवार दो युवकों ने महिला से बाइक पर बैठने को कहा। अनजान युवकों को देख महिला ने बाइक पर बैठने से इंकार कर दिया।
इस पर बाइक सवार वहां से चले गए। महिला कुछ आगे बढ़ी तभी पल्सर सवार युवक पीछे से फिर आए और महिला को रोक लिया। युवकों ने महिला को तमंचा दिखाकर डरा दिया और उसके पास से सोने के जेवरात व मोबाइल फोन लूट लिया।
बाइकर्स लुटेरों के भागने पर महिला से शोर मचाया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने लूट की सूचना पुलिस को और महिला के परिजनों को दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, लेकिन लुटेरों को कोई सुराग नहीं लगा।
सीमा ने बताया कि लुटेरे उसके पास से सोने का मंगलसूत्र, सोने की मटरमाला तथा कानों की झुमकी व मोबाइल फोन लूट ले गए हैं। लूट की वारदात से इलाके में सनसनी है।