चकरनगर। कस्बे में निरंजन नगर इंटर कॉलेज के परिचारक का बैग बाइक सवार बदमाश उठा ले गए। घटना से पुलिस महकमे में खलबली है। इधर, पुलिस कस्बे के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है। बैग में पांच लाख रुपये के जेवर बताए गए हैं।
निरंजन नगर इंटर कॉलेज में कार्यालय परिचारक के पद पर तैनात सूर्यभान चौहान निवासी राजपुर ने बताया कि वह स्टेट बैंक की शाखा चकरनगर से गोल्ड लोन लेने के लिए बैग में करीब पांच लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर गए थे। बैंक कर्मियों ने गुणवत्ता की जांच व नापतोल की पर्ची बनवाने के लिए कहा था। जिसपर वह लखना कस्बा में जांच कराने के बाद गुरुवार शाम करीब चार बजे कस्बे में संचालित एक हार्डवेयर की दुकान के सामने बाइक पर बैग रखकर कुछ सामान खरीदने लगे इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश बैग लेकर चकरनगर चौराहा की तरफ भाग गए। इस घटना से कुछ ही समय में मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। प्रभारी निरीक्षक गोविंद हरि वर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जांच की जा रही है।