संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के तिजौरा चौराहे के पास रविवार की रात एक बाइक पर सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गये। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक फिरोजाबाद के नगला महासुख का निवासी था, जबकि घायल युवक आगरा जिले के जैतपुर थानांतर्गत बाहगढ़ी रमपुरा निवासी है। बाइक नीरज चला रहा था और दोनों ही युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थानांतर्गत नगला महासुख निवासी विनोद कुमार लोधी का 19 वर्षीय पुत्र शुभम व आगरा के जैतपुर थानांतर्गत बाहगढ़ी रमपुरा निवसी मुकेश का 27 वर्षीय पुत्र नीरज एक बाइक से रविवार रात लगभग नौ बजे भदान की ओर से बलरई आ रहे थे। जसवंत नगर थानांतर्गत तिजौरा चौराहे को पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को जिला चिकित्सालय भेजा जहां शुभम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि नीरज का इलाज जारी है। बलरई थानाध्यक्ष सतीश राठौर के मुताबिक पुलिस ने शुभम के शव का पोस्टमार्टम कराया है।