सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ेला के पास हाइवे पर बाइक से जा रहे एक युवक को बाइकर्स ने असलहों के दम पर लूट लिया। लुटेरे उसके पास से बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लुटेरों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। लूट का शिकार हुए युवक की तहरीर पर पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
भरथना के गांव नगला सांठ निवासी मदन लाल पुत्र रंजन लाल बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी बाइक से रिश्तेदारी में सिरसागंज जा रहा था। जैसे ही वह हाइवे पर गांव बुढ़ैला के समीप पहुंचा तभी एक बाइक पर सवार चार युवकों ने ओवरटेक कर उसको रोक लिया।
बाइक से उतरे दो लुटेरों ने उसके सीने पर तमंचा रख दिया। मदनलाल ने जब विरोध किया तो लुटेरों ने उसके साथ मारपीट की और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। लूट का शिकार हुए मदनलाल ने एक राहगीर की मदद से इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। हाइवे पर लूट की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मदनलाल से घटना की जानकारी कर लुटेरों को तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने मदनलाल की तहरीर पर बाइक पर सवार चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ सिविल लाइन भरत कुमार पांडे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।