फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइक दीवार से टकराई, युवक ने दम तोड़ा

Tue, 10 Feb 2015 11:51 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊसराहार थाना क्षेत्र के अमथरी गांव के पास सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को बचाने में बेकाबू हुई बाइक स्कूल की दीवार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन


ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव सरसईनावर निवासी विनोद गुप्ता का पुत्र केतन गुप्ता उर्फ रामजीत (24) मंगलवार की सुबह किसी काम से बाइक से भरथना आया था। दोपहर करीब 12 बजे वह वापस जा रहा था कि अमथरी गांव के पास एक वृद्ध महिला सड़क पार करती दिखाई दी।

वृद्धा को बचाने के चक्कर में बाइक बेकाबू हो गई और सड़क के किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री से जा टकराई। केतन का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। ऊसराहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
विज्ञापन


उधर, सपा नेता अन्नू गुप्ता केतन के परिवारीजनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। विनोद अपने मां-बाप का सबसे बड़ा बेटा था। ग्रामीणों ने बताया कि केतन का एक छोटा भाई और एक छोटी बहन है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप के साथ भाई-बहन का रो-रो कर बुरा हाल था।

हेलमेट होता तो बच जाती जान
केतन ने अचानक सामने आई वृद्धा को बचाने की पूरी कोशिश की। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि उसने पहले हॉर्न बजाया फिर आवाज देकर भी महिला को रोकना चाहा, लेकिन महिला उसी ओर बढ़ती गई जिस ओर केतन बाइक मोड़ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर केतन हेलमेट पहने होता तो शायद उसके सिर में इतनी गहरी चोट नहीं लगती और उसकी जान बच जाती।

कार की टक्कर से दंपति घायल
चौबिया थाना क्षेत्र के कर्री छिमारा मार्ग पर गांव नगला बहेलिया के पास एक इंडिका कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दंपति घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने जाम लगा दिया। बाद में सीओ सैफई ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

गांव अकबरपुर थाना चौबिया निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी अर्चना के साथ मंगलवार की सुबह बाइक से जा रहे थे। नगला बहेलिया के पास तेजी से आ रही एक इंडिका कार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने सुबह करीब साढ़े नौ बजे जाम लगा दिया।

जाम लगने की सूचना मिलने पर सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित व एसओ चौबिया मोहित यादव मौके पर पहुंचे। लोगों की मांग थी कि कार चालक को पकड़ा जाए। सीओ ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर लोगों ने जाम खोल दिया। जाम करीब एक घंटे तक लगा रहा। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें