इटावा। भरथना बस स्टैंड को एक दिन बाद ही फिर अशोक नगर की बगिया में भेज दिया गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम ने संज्ञान लिया। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए बस स्टैंड को पुराने स्थान पर पहुंचाने के आदेश दिए।
बिना उच्चाधिकारियों को अवगत कराए शुक्रवार को नगर पालिका के अधिकारियों की ओर से भरथना-बिधूना बस स्टैंड को गुरु तेग बहादुर पुल के नीचे पहुंचा दिया था। इसे अमर उजाला ने शनिवार के अंक में इससे जुड़ी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम अवनीश राय ने नगर पालिका के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल स्टैंड को पुराने स्थान अशोक नगर की बगिया में पहुंचाने के निर्देश दिए। शनिवार सारी बसों को पुराने स्थान पर ही भिजवा दिया।
यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह ने पहुंचकर चालकों और संचालकों को समझाया। साथ ही उन्हें हिदायत दी कि अब यहां बसें खड़ी नहीं की जाएं। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि बस स्टैंड पुराने स्थान पर ही रहेगा। गुरु तेग बहादुर पुल के नीचे सिर्फ ऑटो स्टैंड बनाने की तैयारी है। चालकों ने शुक्रवार को मनमाने ढंग से बसों को खड़ा कर लिया था। मामला संज्ञान में आते ही उन्हें हटवा दिया गया है।