इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही बेसिक शिक्षकों की क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें भरथना फाइटर व रॉकस्टार की टीमों ने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल आज खेला जाएगा।
सोमवार को पहला सेमीफाइनल भरथना फाइटर व ताखा लायंस के बीच खेला गया। संयोजक व जिला व्यायाम शिक्षिका प्रमिला पाठक ने टॉस कराया। भरथना फाइटर ने स्वरूप और जयकरन की 154 रनों की शानदार साझेदारी की बदौलत निर्धारित 16 ओवर में 173 रन बनाए। जयकरन ने नाबाद 71 और स्वरूप ने 83 रन बनाए। ताखा लायंस की ओर से एकमात्र विकेट रविकांत ने लिया।
जवाब में उतरी ताखा लायंस की टीम 113 रन ही बना सकी। भरथना फाइटर की ओर से जयकरन ने तीन, सतेंद्र ने दो, स्वरूप, रानेश और सतेंद्र सिंह ने एक- एक विकेट लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच जसवंतनगर व रॉकस्टार के बीच हुआ। जसवंतनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 127 रन बनाए। टीम की ओर से रोहित ने 42 ,सलमान ने नाबाद 38 रन बनाए। रॉकस्टार की ओर से अविनाश ने दो विकेट और इंद्रजीत ने एक विकेट लिया।
रॉकस्टार ने 15.2 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से सौरभ अवतार ने 23 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 32, गौरव पाठक ने नाबाद 28 रन बनाए। जसवंतनगर की ओर से अरशद हुसैन ने दो और आशीष व जितेंद्र यादव ने एक-एक विकेट लिया।
प्रतियोगिता के संयोजक व जिला व्यायाम शिक्षक गौरव पाठक ने सभी का आभार व्यक्त किया। मैच में लल्लन व हर्ष ने अंपायरिंग, सौरभ अवतार व अर्पित ने स्कोरिंग की।