चकरनगर। क्षेत्र के हिम्मतपुर ग्राउंड पर पचनद क्रिकेट चैंपियनशिप के तहत शनिवार को 12वें दिन दो सेमी फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच बेनीपुरा व कंधावली के बीच हुआ, जिसमें बेनीपुरा ने पांच विकेट से जीता। दूसरा मैच खोड़न व बटपुरा के बीच हुआ, जिसमें बटपुरा की टीम एक विकेट से विजयी रही।
शनिवार को पहला सेमीफाइनल मैच बेनीपुरा और कंधावली टीमों के बीच हुआ। कंधावली टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। टीम की ओर से लालू ने 34 रन बनाए। बेनीपुरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए शोएब ने तीन विकेट लिए। जवाब में बेनीपुरा की टीम ने विजयी लक्ष्य 10.3 ओवर में पांच विकेट खोकर पूरा करते हुए पांच विकेट से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। टीम की ओर से मानवेंद्र ने 32 रन बनाए और मैन आफ द मैच रहे। कंधावली की ओर से गेंदबाजी करते हुए विवेक ने तीन विकेट लिए।
दूसरा सेमीफाइनल मैच खोड़न और बटपुरा टीमों के बीच हुआ। बटपुरा की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। जबकि बल्लेबाजी करते हुए खोड़न टीम 11.3 ओवर में 86 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से दीपू रैना ने 23 रन बनाए। बटपुरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए विकास और मान सिंह तीन- तीन विकेट लिए।
जवाब में बटपुरा की टीम ने 11.5 ओवर में नौ विकेट खोकर एक विकेट से जीत हासिल की। बटपुरा की ओर से अखिल ने 33 रन बनाए और मैन आफ द मैच रहे। खोड़न की ओर से गेंदबाजी करते हुए अभय ने चार विकेट लिए।